रेल्वे स्टेशन सलाहकार समिति की पहली बैठक में उठा ट्रेन की लेटलतीफी का मुद्दा

0  यात्री सुविधाओं पर फोकस किया मेंबर्स ने 
दल्ली राजहरा। रेल्वे स्टेशन सलाहकार समिति दल्ली राजहरा के नवनियुक्त सदस्यों की स्टेशन मास्टर व वेलफेयर आफिसर के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में सलाहकार समिति के सदस्यों ने यात्री सुविधाओं पर फोकस किया और अंतागढ़ -रायपुर ट्रेन की लेटलतीफी का मुद्दा जोर शोर से उठाया।
सदस्यों ने कहा कि राजहरा स्टेशन से प्रतिदिन सैकड़ों नौकरी पेशा लोग, छात्र-छात्राएं, व्यापारी, मरीज और सामान्य जन अपने आवश्यक कार्यों के लिए विभिन्न गंतव्यों तक समय पर पहुंचने के लिए रेल्वे पर भरोसा करते हैं। रेल्वे का भी कर्तव्य है कि वह अपने यात्रियों के इस भरोसे को कायम रखे।सदस्यों ने रायपुर से अंतागढ़ चलने वाली ट्रेन जो नियमित रुप से लेट चल रही है उसमे सुधार करते हुए उसको समय पर चलाने, रेल्वे स्टेशन की साफ सफाई विशेषकर शौचालय को साफ सुथरा रखने, पीने योग्य स्वच्छ पानी व पंखों की बेहतर व्यवस्था करने पर जोर दिया। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए दल्ली राजहरा से नागपुर और बिलासपुर तक सीधी ट्रेन चलाने, सुबह 7 बजे दुर्ग से राजहरा तक ट्रेन चलाने, ताड़ोकी से रायपुर चलने वाली ट्रेन को पूरे सातों दिन चलाने और सोमवार, मंगलवार तथा बुधवार को दिन चलने वाली ट्रेन का समय सुबह 8 बजे करने की सलाह रखी गई।समिति के सदस्यों द्वारा रेल्वे स्टेशन में व्याप्त समस्याओं और उनके निराकरण के लिए दि गई सलाह पर स्टेशन मास्टर व वेलफेयर आफिसर ने कहा कि जो समस्याएं उनके अधिकार क्षेत्रांतर्गत सुलझाने योग्य हैं, उनका वे अतिशीघ्र समाधान करेंगे व जो समस्याएं उनके क्षेत्राधिकार से बाहर हैं उसके संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए यात्री सुविधाएं बढ़ाने हेतु भरसक प्रयास करेंगे। बैठक में समिति के सदस्य नरेंद जनबंधु ने कहा कि स्टेशन मास्टर व वेलफेयर आफिसर के साथ इस तरह की नियमित बैठक, चर्चा व संवाद के माध्यम से हम यात्री सुविधाओं को बेहतर बना सकते हैं। बैठक में रेल्वे स्टेशन सलाहकार समिति दल्ली राजहरा के सदस्य नरेंद्र कुमार जनबंधु, महेंद्र भाई पटेल, क्रांति जैन, शंकर कुकरेजा, शेखर रेड्डी व स्टेशन मास्टर गजेंद्र आर्य व रेल्वे स्टेशन वेलफेयर आफिसर अमृत पाल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।