धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में सुबह सैर पर निकली एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। कार सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने महिला को बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
घटना गुजरा गांव की बताई जा रही है। यहां रहने वाली बिंदा बाई साहू रोज की तरह सुबह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक कार में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और किसी स्थान का रास्ता पूछने लगे।
महिला उन्हें रास्ता बताने लगीं। इसी दौरान कार सवार युवकों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कार में सवार होकर रायपुर की दिशा में फरार हो गए।
अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं। बाद में उन्होंने भखारा थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के मुताबिक, छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब 30 हजार रुपये है।
शिकायत मिलने के बाद भखारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसमें सवार संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पुलिस का मानना है कि वारदात सुनियोजित तरीके से की गई हो सकती है। आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।