० युवाओं को नक्सली बताने के लिए प्रधानमंत्री और भाजपा देश के युवाओं से माफी मांगे
रायपुर। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश के युवाओं को दिमागी नक्सली बताने पर कड़ ऐतराज जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किला से 15 अगस्त को जो उद्बोधन दिया वह देश और प्रदेश की जनता को निराश करने वाला था। प्रधानमंत्री ने अप्रत्यक्ष तौर पर युवाओं के आंदोलन को नक्सल विचारधारा से जोड़ा। यह देश की युवा पीढ़ी का अपमान है। आप देश के युवाओं को साफ निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली दे पा नहीं रहे। आपके राज में नौकरियां बेची जा रही है। विरोध पर बच्चे सामने आ रहे तो वे नक्सली हो गये, देश के प्रधानमंत्री भारत की 65 प्रतिशत युवा आबादी से माफी मांगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अपने हक और अधिकार की मांग करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। देश के युवा बेहतर भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के लिए जंतर-मंतर से लेकर पूरे देश में सड़कों पर उतरे थे। युवाओं का आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी और शांतिपूर्ण था, युवाओं ने तमाम उकसावे की कार्यवाही लाठीचार्ज, पैलेटगन, आंसू गैस, पानी की बौछार छात्राओं के साथ की गयी अभद्रता को भी सहा, लेकिन आंदोलन अहिंसक नहीं हुआ उसके बाद देश का प्रधानमंत्री अपने ही देश के युवाओं को नक्सलवादी बताये यह सर्वथा अस्वीकार्य है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वैचारिक असहमति और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने के लिए रचा गया नया षड़यंत्र है। इवेंट जीवी मोदी सरकार के पास जब-जब असल समाचारों पर जवाब नहीं होते, तब-तब ऐसे शब्द इजात किये जाते है। ‘‘अर्बन नक्सल’’ और ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’’ जैसे तथ्यहीन आरोपों का नया संस्करण है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, महंगाई और बढ़ती असमानता पर जवाबदेही से यह सरकार बचना चाहती है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लालकिला से युवाओं के संदर्भ में जो टिप्पणी किया है वह भाजपा की फासीवादी मानसिकता है जो अपने खिलाफ उठने वाली आवाज को कदापि भी बर्दाश्त नहीं करती है। युवाओं का आंदोलन किस प्रकार से नक्सली मानसिकता का था भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए। देश के वृद्ध प्रधानमंत्री जिन्हें खुद को पूरे देश की अभिभावक समझना चाहिए। वे 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से अपने ही देश के युवाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाया है जो लोकतंत्र के लिए अनुचित है।