समाज के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं शिक्षक : बीईओ यादव

0  इरिकपाल में ​संकुल स्तरीय विदाई समारोह 
0 प्रधान पाठक सरस्वती श्रीवास्तव और कुरसो ठाकुर हुए सेवनिवृत्त 
​बकावंड। ब्लाक अंतर्गत संकुल केंद्र इरिकपाल की पूर्व माध्यमिक शाला धोबीगुड़ा की प्रधान अध्यापिका सरस्वती श्रीवास्तव तथा प्राथमिक शाला इरिकपाल के प्रधान पाठक कुरसो राम ठाकुर को सेवनिवृत्ति पर संकुल केंद्र की ओर से भावभीनी बिदाई दी गई।
कार्यक्रम में बीईओ चंद्रशेखर यादव, बीआरसी सोनसिंह बघेल, सेजेस करीतगांव की प्राचार्य मोनिता पाणिग्रही, हाई स्कूल इरिकपाल की प्राचार्य मीना जाधव, भाजयुमो नेता नरेंद्र सेठिया, सरपंच संतोष कश्यप, एसएमडीसी अध्यक्ष प्रेम बघेल, चमरू भारती पंच, उप प्राचार्य जीवन लाल साहू, सीएसी पवन समरथ व अनंत देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। बीईओ चंद्रशेखर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक और शिल्पकार होते हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में जो अमूल्य योगदान दिया है, उसके लिए संपूर्ण संकुल परिवार तथा ब्लाक सदैव आपका ऋणी रहेगा। सेवानिवृत्त शिक्षिका सरस्वती श्रीवास्तव ने अपनी शिक्षकीय यात्रा का संस्मरण सुनाया, बताया कि उनकी पहली पोस्टिंग भोपालपट्टनम के अंदरूनी गांव में हुई थी, जहां कि भाषा और बोली, मूलभूत सुविधाएं, यातायात सुविधा विषम थी, पर चुनौतियों से हार नहीं मानते हुए वहां की भाषा सीखकर पढ़ाना शुरू किया। श्रीवास्तव मैडम अपने शिक्षक़ीय सेवकाल में उत्कृष्ट कार्य के लिए कई पुरस्कारों से नवाजी भी जा चुकी हैं तथा अपनी शाला को मॉडल स्कूल के रूप में पहचान भी दिला चुकी हैं। वहीं कुरसो राम ठाकुर ने बताया कि ज़ब उनकी पहली पोस्टिंग हुई तब शाला भवन तक नहीं था, पेड़ के नीचे शाला संचालन कर बच्चों को शिक्षा प्रदान की और कई वर्षो तक सीएसी के रूप में भी सेवा प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन सुभाष पांडे तथा प्रिया श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट कर अश्रुपूरित नेत्रों से भावभीनी विदाई दी गई। अंत में एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधारोपण भी किया गया। अंत में संकुल के सभी शिक्षकों के साथ स्नेह भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान संकुल केंद्र इरिकपाल के शिक्षक, शिक्षिकाएं, एसएमडीसी सदस्य, पालक तथा स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।