० प्रदेश में अपराध और अपराधी बेलगाम सरकार पुलिस नाकाम साबित
रायपुर। दुर्ग में कांग्रेस नेता की हत्या पर कांग्रेस ने आक्रोश व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और बढ़ता अपराध अब बर्दास्त के बाहर हो गया है। दुर्ग के जेवरा सिरसा में कांग्रेस के नेता प्रकाश कश्यप की सरेआम घर जाते समय लूटने की नीयत से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गयी। जांजगीर-चांपा शहर में लिफ्ट मांगने के बहाने लूटने की कोशिश की गयी, विरोध करने पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी। बिलासपुर में 6 नकाबपोशों ने सरेआम शराब दुकान में हमला कर गार्ड को बंधक बनाकर लूट लिया। यह घटनाये राज्य की बद्तर हो चुकी कानून व्यवस्था के कुछ नमूना है। पूरे राज्य में अपराध का ग्राफ इतना बढ़ चुका है कि अब आदमी खुले में सड़क में चलने में डरने लगा है, नागरिक महिलाये कोई सुरक्षित नहीं है, कब किसकी कहां हत्या हो जाये कौन अपराधी कब किसको चाकू मार दे कहा नहीं जा सकता। पुलिस और सरकार दोनो अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रहे है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सक्ती में एक युवती को उसके घर में घुसकर गोली मार दी गयी। इसके पहले कोरिया के सोनहत में चार व्यक्तियों को जिंदा जला दिया गया। जैजेपुर में दो भाइयों को घर में घुसकर गोली मार दिया गया। पेण्ड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रदेश में कोई जिला नहीं जहां पर रोज हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी की घटना नहीं हो रही है। राजधानी रायपुर के ही गंज थाना क्षेत्र में सरेआम चाकूबाजी हुई, एक युवक की हत्या हो गई, उनसे जेवरात लूट लिए गए। बिन्द्रानवागढ़ के देवभोग में महिला समेत परिवार के चार सदस्यों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया, महिला की गर्दन पकड़ कर ब्लेड चला दिया गया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, मौके पर मौजूद उनके दोनों बेटे और पति गंभीर रूप से घायल हो गये थे। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 1 दर्जन से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या हुई। अकेले राजधानी में 8 गोली कांड हुआ, बिलासपुर, कोटमी-पेण्ड्रा गौरेला, दुर्ग में, राजधानी रायपुर में, मस्तुरी, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कवर्धा में लोगों को सरेआम गोली मारकर हत्या हुई। राजधानी के हीरापुर में सरेआम बम से हमला होता है। राजधानी के बिरगांव में बम बनाया जा रहा था। पुलिस और सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रहे। यह घटनाएं डरावनी है, सरकार कब मानेगी की कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि बढ़ते अपराधों का प्रमुख कारण इस सरकार द्वारा नशे के कारोबार को दिया जाने वाला संरक्षण है, जिसकी वजह से हिंसक वारदातें बढ़ रही है। रायगढ़, कोरबा, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में दिन-दहाड़े हत्या और चाकूबाजी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। सरेआम हो रही हिंसक वारदातों से पुलिस व्यवस्था, प्रशासन और सरकार की क्षमता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। नशे का अवैध कारोबार चिंता का प्रमुख कारण बन गया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से अवैध शराब, अफीम की खेती और सूखे नशे (जैसे नशीली गोलियां व पाउडर) का कारोबार तेजी से फैला है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। भाजपा की सरकार में कानून और पुलिस का खौफ अपराधियों में खत्म हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि सरकार की अकर्मण्यता से अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि खुलेआम सोशल मीडिया पर दहशत फैलाया जा रहा है। बदमाशों और अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए रील बनाकर खुलेआम धमकियां देने का नया ट्रेंड चल पड़ा है, जिस पर पुलिस नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम है। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा श्याम नगर इलाके में पूरे मुहल्ले का लाईट गोल कर गैंगवार किया गया, दिन दहाड़े चाकूबाजी, गोलीबारी, गैंगवार हो रहे हैं, अंतरराष्ट्रीय शूटरों की आमद छत्तीसगढ़ में हो चुकी है, कुख्यात गिरोह के गुर्गों की पनाह स्थली बन चुकी है लेकिन अपराध नियंत्रण के बजाय यह सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।