मोबाइल टावर की केबल चोरी करते दो युवक रंगे हाथ पकड़े गए, लोगों ने पुलिस के हवाले किया

कोरबा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से केबल चोरी की कोशिश कर रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर की केबल काटने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर दोनों युवकों पर पड़ गई। लोगों ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया और मौके से भागने नहीं दिया।

घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी मिलने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिले में पिछले तीन महीनों के दौरान मोबाइल टावरों में केबल चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका दावा है कि इस अवधि में करीब 33 टावरों को चोरों ने निशाना बनाया है, जिससे दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही जिले में हुई अन्य केबल चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *