0 फिरोज और मुकेश बनाए गाए उपाध्यक्ष
जगदलपुर। जगदलपुर टेनिस संघ का द्विवर्षीय चुनाव शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सर्वसम्मति के वातावरण में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल सिंह ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में किया। सर्वसम्मति से सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के चयन के उपरांत नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
संघ के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. केएल आजाद एवं उनकी कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर सदस्यों ने उनके नेतृत्व में किए गए कार्यों की सराहना की। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन तथा जिले में टेनिस खेल के विस्तार में उनके योगदान के लिए उनका अभिनंदन किया गया। सर्वसम्मति से हरदीप सिंह गैदू को अध्यक्ष, थॉमस फिलिप को संरक्षक, कुणाल चालीसगांवकर को सचिव, फिरोज बस्तरिया एवं मुकेश मिश्रा को उपाध्यक्ष, श्याम पंजियार को कोषाध्यक्ष तथा मनोज पटेल एवं जोगेंद्र पाल सिंह को सह सचिव चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में विश्वनाथ नायडू, मोक्ष पराशर, नोहर सिंह राजपूत एवं विनायक ठाकुर को शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त मनिंदर सिंह, ललित कुमार मौर्य, प्रणय शर्मा, अंकित मिश्रा, मयंक पथरिया, मितेश श्रीवास्तव, दिव्यांश सिंह तथा वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल सिंह को नए सदस्य के रूप में कार्यकारिणी में शामिल किया गया।नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरदीप सिंह गैदू ने सभी सदस्यों द्वारा व्यक्त विश्वास के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी जगदलपुर में टेनिस खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। खिलाड़ियों के लिए नियमित प्रशिक्षण शिविर, आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं, खेल अधोसंरचना का विकास तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। नए सचिव कुणाल चालीसगांवकर ने कहा कि संघ का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं एवं स्कूली खिलाड़ियों को टेनिस से जोड़ना, जूनियर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर अभ्यास एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी आगामी दो वर्षों में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की टेनिस प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश टेनिस संघ एवं अखिल भारतीय टेनिस संघ के सहयोग से प्रयास करेगी। साथ ही नियमित कोचिंग एवं प्रशिक्षण शिविर, रेफरी और कोच विकास कार्यक्रम आयोजित कर जगदलपुर को बस्तर संभाग में टेनिस गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बैठक में सदस्यों ने खेल भावना, पारदर्शिता एवं संगठनात्मक एकता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया तथा जिले के उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का निर्णय लिया। अंत में निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल सिंह ने सफलतापूर्वक निर्वाचन संपन्न होने पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उसके नेतृत्व में जगदलपुर टेनिस संघ नई उपलब्धियां प्राप्त करेगा तथा जिले में टेनिस खेल के विकास को नई गति मिलेगी।