रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा इलाके की अशोका आइकन सोसाइटी में दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी से सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, परिवार किसी काम से नया रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। परिवार जब वापस लौटा तो घर के अंदर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच में सामने आया कि अलमारी में रखे करीब 51.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने घर में काम करने वाले रसोइए महेंद्र कुमार यादव पर संदेह जताया है। आशंका है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और घर की रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोसाइटी में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की तलाश के साथ-साथ चोरी की रकम और आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।