दुर्ग। जिले में पुलिस ने 52 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक महिला को सुनसान इलाके में ले गए थे, जहां कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को भगवनती साहू रोज की तरह घर से काम पर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद उनकी बेटी और दामाद ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ ही घंटों बाद पुलगांव नाले के फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में महिला का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों, स्थानीय लोगों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ की गई। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नितेश ठाकुर और हर्ष यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का दावा
सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी बाइक से घूमने निकले थे। पैसों की कमी होने पर उन्होंने अपना मोबाइल बेच दिया और बाद में दोबारा घूमने निकले। रास्ते में बाइक खराब होने के बाद वे पैदल चल रहे थे, तभी उनकी मुलाकात महिला से हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को अपने साथ सुनसान इलाके में ले गए। वहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया, तो एक आरोपी ने गमछे से उसका गला दबाया, जबकि दूसरे ने पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
न्यायालय में पेश किए जाएंगे आरोपी
हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।