बालोद। जिले से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। कांकेर जिले की रहने वाली एक महिला को अगवा कर तीन अज्ञात आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग पर स्थित पर्यावरण पार्क के पास बेसुध हालत में पाई गई।
रास्ते पर बेसुध मिली पीड़िता, डायल-112 ने पहुँचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, राहगीरों की नजर जब पर्यावरण पार्क के पास अचेत पड़ी महिला पर पड़ी, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने अपने साथ हुई इस खौफनाक आपबीती को बयां किया।
तीन ट्रक चालकों पर वारदात का शक
महिला के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच और पीड़िता से मिले इनपुट्स के अनुसार, इस घिनौने कृत्य को तीन अज्ञात ट्रक ड्राइवरों ने अंजाम दिया है। पुलिस अब उस मार्ग से गुजरने वाले ट्रकों और संदिग्धों की कुंडली खंगाल रही है।
इस गंभीर मामले को लेकर एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता कांकेर जिले की निवासी है। उसके द्वारा दिए गए बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें पूरे मामले की बेहद बारीकी और गंभीरता से जांच कर रही हैं। घटना में तीन आरोपी शामिल हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और हाईवे पर लगे टोल प्लाजा के रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुँचा जा सके।