सच्चाई को नहीं छुपाया जा सकता झूठ के पर्दे से : नवीन विश्वकर्मा

0  शॉपिंग काम्प्लेक्स के मुद्दे पर सांसद प्रतिनिधि विश्वकर्मा का बयान 

जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले की नगर पंचायत गीदम के बस स्टैंड वार्ड क्रमांक 12 को लेकर जो बातें और अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा है उसकी सच्चाई कुछ और है तथा दिखाया कुछ और जा रहा है। ये बात सांसद प्रतिनिधि नवीन विश्वकर्मा ने कही है।
एक बयान जारी कर सांसद प्रतिनिधि नवीन विश्वकर्मा ने कहा है कि गीदम बस स्टैंड के पीछे बने कला मंच और वहां उसके बगल में स्थित पीपल के वृक्ष की पवित्रता को लेकर मैंने जो प्रश्न उठाए हैं, वे मेरी निजी लड़ाई नहीं, बल्कि नगर की महिलाओं की आस्था और जनहित की लड़ाई है। दुर्भाग्य है कि जब मैंने महिलाओं की पीड़ा और कला मंच के व्यावसायिक दुरुपयोग को लेकर सीएमओ के सामने सच्चाई रखी, तो मेरे तर्कों का जवाब देने के बजाय मेरी छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास किया गया। हकीकत यह है कि कुछ लोग मेरी बढ़ती राजनैतिक प्रतिष्ठा और मेरे जन-सरोकार से इतने भयभीत हैं कि वे आज अनैतिकता की सीमाएं लांघ रहे हैं। मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचने के लिए आदिवासियों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने की कोशिश की जाती है, जिसकी सच्चाई सबके सामने चंद घंटों में आ गई। इसी तरह वार्ड-12 के मामले में असली मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए मुझ पर झूठे आरोप गढ़े गए। लेकिन, मुझे खुशी है कि उन लोगों के झूठ के गुब्बारे की हवा खुद आदिवासी समाज के प्रबुद्धजनों ने निकाल दी है। जनता अब जान चुकी है कि कौन उनकी आस्था का रक्षक है और कौन अतिक्रमणकारियों का संरक्षक। नवीन विश्वकर्मा ने कहा- ​मैं प्रशासन से पूछना चाहता हू कि जो कला मंच, सार्वजनिक उपयोग के लिए था, उसे दुकानों में किसने बदला? उस पर तीन दिन पहले लगा बोर्ड जिस पर ‘राजेश इलेक्ट्रिकल’ लिखा था उसे किसने उतारा जब मैने महिलाओं की आस्था पीपल के पेड़ की पूजा की ओर सारे रास्ते बंद किए जाने की बात पर सीएमओ से सवाल किया ओर कला मंच का तत्काल का फोट दिखाकर सवाल किए इसके बाद अचानक उसके ऊपर लगा बोर्ड क्यों गायब हो गया? फोटो के दिनांक ओर समय मेरे पास दर्ज है। अगर वहां सब कुछ वैध था, तो सच्चाई छिपाने की इतनी जल्दीबाजी क्यों दिखाई गई? उन्होंने कहा-​मैं 15 साल पहले गीदम नगर पंचायत का अध्यक्ष रहा, आज भी जब लोग अपनी समस्याओ को लेकर मेरे पास आते हैं, तो उनका विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं इस प्रकार के ओछे प्रयासों से न तो कभी डरा हूं और न ही रुकूंगा। जब तक महिलाओं की आस्था का मार्ग अवरुद्ध रहेगा और सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा बना रहेगा, मैं अपनी आवाज बुलंद करता रहूंगा। श्री विश्वकर्मा ने कहा कि ​झूठ के पहरेदार चाहे कितनी भी दीवारें खड़ी कर लें, झूठ के पर्दे तान लें, सच्चाई के सूरज को वे अधिक समय तक छुपा नहीं पाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *