भ्रष्टाचार युक्त भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाकर निष्पक्ष जांच किया जावे – उमाशंकर शुक्ला

जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव उमाशंकर शुक्ला ने भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसे तत्काल रोकने तथा उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उमाशंकर शुक्ला ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देते हुए कथित रूप से बड़े पैमाने पर लेन-देन के आधार पर नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कुलपति मनोज श्रीवास्तव पर पद के दुरुपयोग और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के एक पूर्व विधायक भी इस भर्ती प्रक्रिया में प्रत्येक चयन के लिए 20-20 लाख रुपये लेने के आरोप लगा चुके हैं और इस संबंध में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र लिखकर जांच की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कांग्रेस नेता का आरोप है कि पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची बिना नाम और बिना अंक प्रकाशित की गई, जिससे दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रह गई। उनका कहना है कि अभ्यर्थियों को यह जानकारी तक नहीं दी गई कि उन्हें किस आधार पर पात्र या अपात्र घोषित किया गया। साथ ही कई योग्य उम्मीदवारों को बिना कारण “नॉट फाउंड सूटेबल” बताया गया और दिव्यांग अभ्यर्थियों की भी अनदेखी की गई।
उमाशंकर शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि कुलपति के कार्यकाल में पूर्व में हुई भर्तियों को लेकर भी विवाद सामने आ चुके हैं। उन्होंने राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति से मांग की कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि लेन-देन और अनियमितताओं के आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह सभी आरोप कांग्रेस नेता उमाशंकर शुक्ला द्वारा लगाए गए हैं और इनकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *