० प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
० शोकाकुल परिवार को बैज ने बंधाया ढांढस
जगदलपुर। नगर के आड़ावाल खासपारा में की 20 वर्षीय युवती सुरला हारिका राव नायडू द्वारा नीट परीक्षा में लगातार तीन बार असफल होने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की दुखद घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मुलाकात की। श्री बैज ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी तथा इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दिवंगत युवती सुरला हारिका राव नायडू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। दीपक बैज ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज व बस्तर के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रतियोगी परीक्षाओं का बढ़ता दबाव, असफलता का मानसिक बोझ और युवाओं के लिए पर्याप्त मनोवैज्ञानिक सहयोग की कमी अनेक विद्यार्थियों को अवसाद की ओर धकेल रही है। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बेहद आवश्यकता है। परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार को मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए,जहां असफलता को जीवन का अंत नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का एक अवसर माना जाए। युवाओं को समय पर उचित मार्गदर्शन, परामर्श और भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, पूर्व निगम अध्यक्ष कविता साहू, रविशंकर तिवारी, महामंत्री विजय सिंह, प्रशांत जैन, अनुराग महतो,किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष प्रणय शील मंडल, मुकुंद राम नेताम, प्रभुदास, साहिल हियाल, राजू राव आदि मौजूद रहे।