करपावंड भूमि विवाद पर जिला प्रशासन एक्शन मोड में

०  जॉइंट कलेक्टर एआर राणा के नेतृत्व में जांच दल ने किया स्थल का निरीक्षण 
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत करपावंड में भूमि अभिलेखों में कथित गड़बड़ी और किसानों की शिकायतों के मामले को बस्तर कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने संयुक्त कलेक्टर एआर राणा के नेतृत्व में उच्च स्तरीय जांच दल गठित किया है। इस दल ने करपावंड पहुंचकर विवादित भूमि का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान संयुक्त कलेक्टर एआर राणा ने प्रभावित किसानों, ग्रामीणों तथा राजस्व अधिकारियों से अलग-अलग चर्चा कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। निरीक्षण के समय करपावंड तहसीलदार श्री मरकाम, करपावंड थाना प्रभारी शिवानंद सिंह, किसान संघ के अध्यक्ष सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच दल ने मौके पर भूमि सीमांकन, अभिलेखों और वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। संयुक्त कलेक्टर एआर राणा ने कहा कि वर्तमान में वर्षा और फसल का मौसम होने के कारण किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाए बिना जांच प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 20 एकड़ भूमि का विस्तृत निरीक्षण किया जाना है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर होगी तथा रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर किसानों ने जांच दल के समक्ष भूमि अभिलेखों में कथित त्रुटियों, रिकॉर्ड में विसंगतियों और राजस्व दस्तावेजों की गड़बड़ियों से जुड़ी शिकायतें रखीं। किसानों ने उम्मीद जताई है कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले का सच सामने आएगा और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *