0 बचेली में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
0 लौह अयस्क से भरा 16 चक्का ट्रक जप्त, तस्कर हो गए फरार
जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में स्थित लौह अयस्क नगरी बचेली और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय लौह तस्करों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीती रात वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर अवैध रूप से लौह अयस्क ले जा रहे भारी भरकम 16 चक्का ट्रक को पकड़ा। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर और उनके साथी मौके से भागने में सफल हो गए।
बचेली वन परिक्षेत्र की टीम ने धुरली गांव के पास ट्रक क्रमांक सीजी 08 एएक्स 7342 को आयरन ओर का अवैध रूप से परिवहन करते पकड़ा है। बिना वैध दस्तावेजों के लौह अयस्क का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई करने वाली वन विभाग की टीम का का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रीतीश पांडे ने की। रेंजर प्रीतीश पांडे को गुप्त सूचना मिली थी कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर धुरली के रास्ते लौह अयस्क का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए रेंजर प्रीतीश पांडे अपने ड्राइवर के साथ तत्काल धुरली के पास पहुंचे। वहां लौह अयस्क भरा ट्रक पकड़ा गया।
ट्रक के साथ काली स्कॉर्पियो में चल रहे तस्कर भागने में सफल हो गए। ट्रक में ड्राइवर और उसके साथ लगभग 8 लोग थे, जो सुरक्षा के लिहाज से एक काली स्कॉर्पियो में साथ चल रहे थे, वन विभाग के अमले को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहे। वन विभाग की टीम ने अवैध लौह अयस्क से लदे ट्रक को कब्जे में लिया और रात में ही सुरक्षित रूप से फॉरेस्ट डिपो बचेली ले आई। बचेली और आसपास का क्षेत्र प्रचुर लौह अयस्क संपदा से समृद्ध है, जिसका फायदा उठाकर कई गिरोह समय-समय पर सक्रिय हो जाते हैं। हालांकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार इन पर अंकुश लगाने की कोशिशें करते रहे हैं, लेकिन भारी मुनाफे के लालच में इन तस्करों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र के लोगों की नजरें नव पदस्थ रेंजर पर टिकी हैं कि वे इस गिरोह के मास्टर माइंड तक पहुंचने और अवैध परिवहन पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए आगे क्या कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हैं।