जगदलपुर। नशा कर उत्पात मचाने वाले दो आरोपियों को बोधघाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गंगानगर वार्ड निवासी आरोपी अभिषेक पाणिग्रही उर्फ बामन और बहादुरगुड़ा निवासी रोहित पोयाम को गिरफ्तार गकर जेल भेज दिया गया है।
ज्ञात हो कि बीते रविवार रात राजेंद्र नगर वार्ड में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा चाकू- छुरा लहराकर उत्पात मचाया गया था। जिससे पूरे मोहल्ले वाले काफी भयभीत थे। इस संबंध में प्रार्थी आशिफ कुरैशी निवासी राजेंद्र नगर वार्ड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्रार्थी अपने साथी जुबेर खान, अनश कुरैशी के साथ रात करीब 8 बजे बर्तन गोदाम के सामने रोड पर खड़े थे। तभी अभिषेक पाणिग्रही उर्फ बामन और रोहित पोयाम व सोनू बघेल नशे की हालत में अपने हाथ में डंडा एवं बड़ा सा धारदार चाकू लेकर आए और प्रार्थी व उसके साथियों को देखकर कहा कि तुम लोग बाहर से आए हो, यहां क्या कर रहे हो? तुम लोग हम लोगो को जानते नही हो हम लोग यहां के दादा हैं। इसके बाद आरोपी मां बहन की अश्लील गाली गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर तीनों मिलकर प्रार्थी को हाथ मुक्का एवं डंडा से मारकर चोट पहुंचाई। रोहित पोयाम एवं अभिषेक पाणिग्रही उर्फ बामन ने धारदार चाकू लहरा कर डराया धमकाया। सोनू बघेल ने डंडे से प्लास्टिक पाईप पर तोड़फोड़ कर दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। विवेचना के बाद नामजद आरोपियों अभिषेक पाणिग्रही उर्फ बामन, रोहित पोयाम को दबोचा गया, वहीं आरोपी सोनू बघेल फरार है जिसकी पतासाजी की जा रही है।