शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग मामलों में बड़ा घटनाक्रम, EOW ने रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब घोटाला, कोल लेवी वसूली और कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले से जुड़े मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और नान (NAN) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया है। वे पिछले करीब तीन वर्षों से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए थे और जांच एजेंसियां उनकी तलाश कर रही थीं।

जानकारी के अनुसार, कस्टम मिलिंग घोटाले में जारी समन के बाद रामगोपाल अग्रवाल बुधवार को EOW कार्यालय पहुंचे। इससे पहले मंगलवार को EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से कई घंटों तक पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल के EOW पहुंचने पर उनसे पूछताछ की गई और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

कस्टम मिलिंग घोटाले में क्या हैं आरोप?

EOW के अनुसार वर्ष 2015 से 2023 के बीच धान की कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में कथित अनियमितताएं हुईं। जांच एजेंसी का दावा है कि नियमों का उल्लंघन कर कुछ चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे करीब 127 करोड़ रुपये का कथित घोटाला हुआ। हालांकि इन आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।

कोल लेवी मामले में भी जांच

कथित कोल लेवी मामले में ED और EOW का आरोप है कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन से जुड़े कारोबारियों से प्रति टन के हिसाब से अवैध वसूली की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की कथित अवैध लेवी वसूली गई। इस मामले में कई अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

शराब घोटाले में भी नाम

रामगोपाल अग्रवाल का नाम राज्य के बहुचर्चित कथित शराब घोटाले की जांच में भी सामने आया है। ED और EOW का आरोप है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित सिंडिकेट के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस कथित नेटवर्क के जरिए करीब 3,200 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। हालांकि, इन सभी मामलों में लगाए गए आरोपों की अभी न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच और अदालती प्रक्रिया जारी है। EOW की ओर से रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लिए जाने के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *