रायपुर। युवा कैट रायपुर द्वारा आयोजित मासिक बिजनेस मीट का आयोजन तेलीबांधा स्थित होटल किंगवे में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे आपसी परिचय बढ़ाने, व्यावसायिक अनुभव साझा करने, नए व्यापारिक अवसर तलाशने और मजबूत नेटवर्किंग के माध्यम से अपने कारोबार का विस्तार कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) सरदार अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में सफलता का सबसे बड़ा आधार मजबूत नेटवर्किंग, आपसी विश्वास और सहयोग है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से एक-दूसरे के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित व्यापार ही प्रदेश की आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव है। उन्होंने युवा कैट की इस पहल को व्यापारिक समुदाय के लिए प्रेरणादायी बताया।
बिजनेस मीट में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यापारियों, उद्योगपतियों, स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय देते हुए नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित किए और व्यापार विस्तार, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ग्राहक सेवा, बिजनेस रेफरल तथा आधुनिक व्यावसायिक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।
युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कान्ति पटेल और प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह ने कहा कि संगठन अपनी मासिक बिजनेस मीट के माध्यम से प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी एक-दूसरे के व्यवसाय को प्राथमिकता दें और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें, तो रायपुर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि युवा कैट का विजन ‘Connect • Collaborate • Grow’ केवल एक नारा नहीं बल्कि व्यापारिक समुदाय को जोड़ने, सहयोग बढ़ाने और सामूहिक विकास की सोच है। संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के बीच मजबूत नेटवर्क तैयार कर नए अवसरों का सृजन करना और स्थानीय उद्योगों को सशक्त बनाना है।
युवा कैट पदाधिकारियों ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्थानीय उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना आवश्यक है। संगठन भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा ताकि व्यापारियों को नए अवसर मिलें और प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम में कैट छत्तीसगढ़ और युवा कैट के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति और युवा उद्यमी उपस्थित रहे।