एल्डरमेन नियुक्ति में महिलाओं की उपेक्षा, भाजपा का महिला विरोधी चेहरा उजागर – रतिराम कोसमा

दल्ली राजहरा। नगर पालिका दल्ली राजहरा में हाल ही में हुई एल्डरमेन नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी पर महिलाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।

रतिराम कोसमा ने कहा कि भाजपा महिला सम्मान, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जब महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का अवसर आया तो पार्टी अपने ही दावों पर खरी नहीं उतर सकी। उनका कहना है कि एल्डरमेन नियुक्ति में एक भी महिला को शामिल नहीं किया गया, जो भाजपा की कथनी और करनी के बीच के अंतर को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और नगर पालिका दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद महिलाओं को प्रतिनिधित्व नहीं मिलना कई सवाल खड़े करता है। कोसमा ने पूछा कि क्या भाजपा के पास योग्य और सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की कमी है, या फिर महिलाओं की भागीदारी केवल चुनावी नारों तक सीमित है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया से बाहर रखना उनकी राजनीतिक भागीदारी और सम्मान के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर होती तो एल्डरमेन नियुक्ति में महिलाओं को भी उचित स्थान दिया जाता।

रतिराम कोसमा ने मांग की कि भाजपा इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और भविष्य में महिलाओं को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की पक्षधर रही है तथा आगे भी महिलाओं को उनका उचित अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *