दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ही विभाग के एक कर्मचारी से भविष्य निधि (PF) की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए भविष्य निधि (PF) से 5 लाख रुपये निकालने का आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी कराने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।