0 संलग्न शिक्षकों को भारमुक्त करने शिक्षा मंत्री यादव ने दिए निर्देश
0 जिले के कई एबीओ की होगी छुट्टी, नहीं चलेगा जिला स्तर का आदेश
जगदलपुर। बस्तर कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संभाग स्तरीय बैठक ली, जिसमें संभाग के सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी एवं 32 विकासखंडों के बीईओ उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने बैठक में दो टूक शब्दों में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दफ्तरों में अटैच शिक्षक बाबूगिरी कर रहे हैं उन्हें तत्काल भारमुक्त करते हुए मूल संस्थाओं में भेजा जाएगा। संभाग के कई एबीओ जो जुगाड़ कर दफ्तरों में पदस्थ है ऐसे एबीओ को भी मूल संस्था भेजने का निर्देश दिया गया है। जिनकी नियुक्ति राज्य शासन से हुई है वही एबीओ के पद पर पदस्थ रहेंगे और जिनकी जिलास्तर से हुई है उन्हें एबीओ की कुर्सी छोड़नी होगी।
शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि संभाग भर में कोई नया स्कूल नहीं खुलेगा, बंद स्कूलों को चालू करने के निर्देश दिए गए हैं। संभाग भर में ऐसे कई शिक्षक है जो जुगाड़ लगा कर दफ्तरों में बाबूगिरी कर रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को अब मुल संस्थाओं में भेजने का फरमान जारी कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री श्री यादव ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि शिक्षकों का अटैचमेंट नहीं चलेगा, उन्हें मूल संस्था में भेजा जाए ताकि अध्यापन कार्य बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके। आश्रम छात्रावास में पदस्थ अधीक्षकों को भी नियमित रूप से स्कूलों में अध्यापन कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्कूलों में एवं दफ्तरों में बायोमेट्रिक अंटेडेस सिस्टम को प्रमुखता से पालन कराने का निर्देश दिए। कई स्थानों पर पालन नहीं किए जाने को लेकर संस्था प्रमुख को फटकार भी सुननी पड़ी । बैठक में निर्देश दिया गया है कि संकुल समन्वयक अपने शाला में अध्यापन कार्य कराएं वहीं अधीक्षक 4 बजे तक अध्यापन कार्य कराएं इसके बाद अन्य कार्य करने का निर्देश दिया गया है।