खाद-बीज के लिए भटक रहे किसान, सरकार दावे करने में व्यस्त – वंदना राजपूत

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने प्रदेश में खाद और बीज की किल्लत को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि खरीफ सीजन के बीच प्रदेश का किसान खाद और बीज के लिए घंटों कतारों में खड़ा रहने को मजबूर है, लेकिन भाजपा सरकार केवल प्रचार और झूठे दावों में व्यस्त है। समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। लेकिन प्रदेश के अनेक जिलों से किसानों के खाद की कमी, सीमित वितरण, लंबी कतारों और बार-बार चक्कर लगाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसान खेती की तैयारी छोड़कर सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। भाजपा सरकार ने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज वही किसान सबसे अधिक परेशान हैं। यदि सरकार ने पहले से मांग का सही आकलन कर पर्याप्त भंडारण और वितरण की व्यवस्था की होती तो किसानों को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

कांग्रेस ने सरकार से सवाल पूछे हैंः

1. खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज की उपलब्धता क्यों सुनिश्चित नहीं की गई?
2.किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहने और कई बार खाली हाथ लौटने की नौबत क्यों आ रही है?
3. सरकार ने खाद वितरण की निगरानी और कालाबाजारी रोकने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए हैं?
4.किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिलने से होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार का दायित्व है। भाजपा सरकार किसानों को राहत देने के बजाय उन्हें परेशानी में धकेल रही है।

कांग्रेस ने मांग की है कि प्रदेश के सभी सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *