जगदलपुर। जिले की नगरनार पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा सीमा पर दो आरोपियों को 38.880 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगरनार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा सीमा स्थित धनपूंजी नाका के पास दो संदिग्ध युवक बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों की पहचान हरियाणा के जींद निवासी हरिओम पांचाल और संदीप पांचाल के रूप में हुई। उनके कब्जे से 38.880 किलोग्राम गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह ठाकुर तथा आरक्षक वेदप्रकाश देशमुख, यशवंत ध्रुव, दशरू नाग, नरेश कश्यप और बलराम कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी।