0 अधिकारों के संघर्ष तेज करने का लिया निर्णय
जगदलपुर। पेंशनर्स महासंघ की बैठक रविवार को संगठन कार्यालय में हुई। बैठक में संगठन विस्तार समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकारिणी गठित करने का निर्णय लिया गया।
संघ के राष्ट्रीय मंत्री व संभागीय अध्यक्ष आरके ताटी ने संगठन मे एकजुटता की अपील करते हुए कहा कि पेंशनर्स को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना बहुत जरूरी है। उन्होंने मध्यप्रदेश पुनर्गठन अधिनियम से निजात पाने के लिए लगातार संघर्ष की बात कही। बैठक के दौरान अब्दुल सत्तार खान को प्रदेश उपाध्यक्ष पद व शिवकुमार मिश्र को प्रांतीय मंत्री पद पर नियुक्त किए जाने पर सम्मानित किया गया। लंबित महंगाई भत्ता के लिए सरकार पर दबाव बनाने, प्रांतीय पदाधिकारियों से चर्चा कर कारगर रणनीति व आंदोलन की रूपरेखा बनाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में पेंशनर राजेंद्र कुमार देवांगन व शुभ्रा कुंडू का जन्म दिवस भी मनाया गया साथ ही दिवंगत मातृ शक्तियों मीता मुखर्जी, आरती मुखर्जी, ललिता यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यालयीन खर्च की व्यवस्था नल एवं बिजली बिलों के भुगतान तथा भवन के रख रखाव खर्च की पूर्ति हेतु प्रति सदस्य 500 रुपए की वार्षिक सहयोग राशि लेने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कार्यालय हेतु फर्नीचर उपलब्ध कराने में आर्थिक सहायता प्रदान करने वालों के प्रति पेंशनर साथियों के द्वारा तालियां बजाकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। बैठक में आरएन ताटी, किशोर कुमार जाधव, अब्दुल सत्तार खान, शिव कुमार मिश्रा, रमापति दुबे, एसडी मांझी, गौतम आचार्य, राजेंद्र कुमार देवांगन, एमडी राठौर, अशोक रावत, बीएस नेताम, बीबीएस ठाकुर, नारायण राय, सरोज साहू, जया इशाक, शुभ्रा कुंडू, शीला तारम, विमला ठाकुर, त्रिशिया झाड़ी, नम्रता दुबे एवं रामकुमारी नेताम मौजूद थे।