० जगदलपुर रोड पर बन गए बाढ़ जैसे हालात
० धान की बोनी नहीं कर पा रहे हैं गांवों के किसान
(अर्जुन झा)जगदलपुर। एनएमडीसी के नगरनार प्लांट से निकलने वाला केमिकल मिला गंदा पानी फिर खेतों में तबाही मचा रहा है। कई गांवों के किसान इस खरीफ सीजन में धान की फसल लेने के लिए अपने खेतों को तैयार नहीं कर पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पूरी गंदगी को जगदलपुर जाने वाली मुख्य सड़क से होकर बहाई जा रही है। इससे सड़क पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
बस्तर जिले के नगरनार में स्टील प्लांट लगाने के लिए एनएमडीसी को अपनी जमीन देने के बाद अब स्थानीय लोग किस हालात से गुजर रहे हैं, अगर आपको देखना है तो आप नगरनार स्टील प्लांट के पीछे से गेट नंबर-3 के सामने से से गुजरना होगा।प्लांट से निकलने वाला केमिकल युक्त जहरीला काला पानी निकल कर सड़कों के रास्ते खेतों में जा रहा है। इससे किसानों के खेत की जमीन खराब हो रही है। उनकी उर्वरा क्षमता घट रही है। वहीं खेतों में गंदा बदबूदार पानी भरे रहने से किसान इस सीजन में खरीफ फसल की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं प्लांट के पीछे स्थित गांवों के लोगों ने शिकायत की है कि उनके घरों में भी यह काला पानी घुस रहा है। इस वजह से घरों में बच्चों के साथ उनके पालतू जानवरों को भी रखना मुश्किल हो गया है। कई लोगों ने बार बार बरसात से पूर्व इस प्लांट से निकलने वाले नाले को बंद करने और इस दूषित जल को साफ करने हेतु प्लांट प्रबंधन से कहा था, किंतु उनकी अनसुनी के कारण आज इस काले पानी के विषैले प्रभाव का दंश ग्रामीण क्षेत्रों के लोग झेल रहे है। ग्रामीणों की शिकायत पर जब एनएमडीसी प्रबंधन से चर्चा करने की कोशिश की गई तो अधिकारी ने देखते हैं कहकर फोन काट दिया। इसी तरह बचेली किरंदुल में भी लोग एनएमडीसी की खदानों के लाल पानी से परेशान है वहीं नगरनार में लोग प्लांट से बहते काला पानी से बेहाल हैं। किसानों का कहना है कि इस काले पानी की वजह से उनके खेतों की उपजाऊ क्षमता बुरी तरह गिर गई है।