रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर मुख्य मार्ग पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार लग्जरी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह भीषण दुर्घटना घटित हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिव कुमार बारले के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के कोड़ापार गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से रायपुर की ओर जा रहा था, तभी अभनपुर ओवरब्रिज के पास यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी तेज गति से चल रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक और युवक का शव बस के अगले हिस्से में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बस के आगे फंसे शव और बाइक को बाहर निकाला और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी को समझा जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।