बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, घेरा बिजली दफ्तर

०  विद्युत अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन 
०  चंदन कश्यप का साय सरकार पर हमला 
जगदलपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली की दरों और आम जनता पर लादे जा रहे आर्थिक बोझ के विरोध में भानपुरी ब्लॉक युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। पूर्व कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भानपुरी बिजली कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दरें तत्काल वापस लेने की मांग की है।


प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार आम जनता और गरीब परिवारों की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है। सरकार ने बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि करके आम नागरिक का जीना मुहाल कर दिया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट और गैर घरेलू व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 25 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोत्तरी की गई है। हद तो यह है कि सरकार ने अन्नदाताओं को भी नहीं बख्शा है। कृषि विद्युत दरों में 50 पैसे प्रति यूनिट की भारी वृद्धि कर दी गई है, जिससे आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी ने कहा कि महंगाई के इस दौर में बिजली दरों में की गई यह वृद्धि पूरी तरह से जनविरोधी है। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस जनविरोधी फैसले को वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में सड़क से सदन तक और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। घेराव और प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी, जिला उपाध्यक्ष जीतेन्द्र जैन,निलय कश्यप ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष, जीवन सेठिया महामंत्री, श्याम दीवान, वरिष्ठ कांग्रेसी, श्यामसुंदर पांडे, मोसू बघेल, सत्यकांत कश्यप, पुनऊ कश्यप, श्यामकुमारी ध्रुव, अभिषेक बाजपेयी, अनिल बघेल, बलराम मौर्य भानपुरी ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *