मोतीबाग चौक के पास महिला 1.5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

रायपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोलबाजार थाना पुलिस ने एक महिला को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब के पास की गई, जहां संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस टीम ने महिला को रोककर तलाशी ली।

जानकारी के अनुसार थाना गोलबाजार पुलिस पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान मोतीबाग चौक क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हरकतें देखी गईं। पुलिस ने मौके पर उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी लेने पर उसके पास से सफेद थैले में रखा 1 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार महिला की पहचान अफसाना बी उर्फ गुड़िया (38 वर्ष), निवासी मोतीबाग चौक, थाना गोलबाजार, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पहले भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस मामलों में शामिल रह चुकी है। इसी आधार पर उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की समीक्षा की जा रही है और उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इसके साथ ही पुलिस अफसरों ने उसके खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला को गांजा कहां से मिला और इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *