रायपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संचालनालय आयुष के निर्देशानुसार जिला आयुष अधिकारी डॉ. स्वाति रावत के मार्गदर्शन में ग्राम छपोरा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 17 जून से 21 जून 2026 तक शासकीय आयुर्वेद औषधालय बरौदा द्वारा संचालित किया गया।
शिविर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरौदा की योग प्रशिक्षक इंद्राणी साहू ने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम और विभिन्न योगिक क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया। योग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और रुचि दिखाई।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम सरपंच राजकुमार भारती, प्रधान पाठक एम.के. नायक, उपसरपंच, पंचगण, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता साहू ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग, आसन और प्राणायाम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, मानसिक तनाव, श्वास संबंधी रोग, उदर विकार एवं मूत्र रोग जैसी अनेक समस्याओं से बचाव और नियंत्रण संभव है। उन्होंने बताया कि योग आयुर्वेद की अवधारणा “स्वस्थस्य स्वास्थ्य रक्षणम्” को साकार करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का आह्वान किया।