वीएसके एप की तकनीकी खामियों के कारण शिक्षकों का वेतन रोकना अन्यायपूर्ण – देवराज खुंटे

० समग्र शिक्षक फेडरेशन ने डीईओ को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर। समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बस्तर ने वीएसके एप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज कराने की अनिवार्य व्यवस्था में व्याप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल को ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन के अध्यक्ष देवराज खुंटे ने बताया कि बस्तर संभाग के अधिकांश दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में आज भी पर्याप्त इंटरनेट एवं मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में अनेक शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहने के बावजूद वीएसके एप में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। इसके अतिरिक्त सर्वर संबंधी त्रुटियां, लॉगिन समस्या एवं अन्य तकनीकी बाधाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
तकनीकी खामियों एवं नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण यदि किसी शिक्षक की उपस्थिति ऐप में दर्ज नहीं हो पाती है तो इसके आधार पर वेतन रोकने अथवा वेतन भुगतान प्रभावित करने जैसी कार्रवाई पूरी तरह अनुचित एवं अव्यावहारिक है। जब समस्या तकनीकी व्यवस्था से संबंधित है, तब उसका दुष्परिणाम शिक्षकों पर नहीं थोपा जाना चाहिए। श्री खुंटे ने फेडरेशन की ओर से मांग की है कि वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में किसी भी शिक्षक का वेतन न रोका जाए, विद्यालय की उपस्थिति पंजी को वैध प्रमाण माना जाए, तकनीकी एवं नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई न की जाए तथा पर्याप्त नेटवर्क एवं तकनीकी व्यवस्था सुनिश्चित होने तक वीएसके एप आधारित उपस्थिति की अनिवार्यता में शिथिलता प्रदान की जाए। फेडरेशन ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं तथा बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता पूर्वक निर्णय लेने की मांग की है, जिससे शिक्षकों में व्याप्त असंतोष समाप्त हो तथा वे निर्भय होकर अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें। ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के जिला अध्यक्ष देवराज खूंटे, जिला सचिव गणेश्वर नायक, जिला कोषाध्यक्ष एसएस जॉन, प्रदेश संयुक्त सचिव काशीनाथ बघेल, मीडिया प्रभारी दुर्गेश कुंजाम, ब्लॉक अध्यक्ष अधीन सोरी, यास्मीन श्रीवास्तव महिला प्रकोष्ठ, भुनेश नेताम, बिंदिया देवांगन व अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *