0 विकास, विश्वास, लोक कल्याण के बेमिसाल 12 साल : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
जगदलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के, विश्वास के और जनकल्याणकारी यात्रा के उपलब्धियों से परिपूर्ण बेमिसाल 12 साल पूर्ण हुए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनादेश के साथ निर्वाचित होकर लगातार 12 वर्षों से प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 12 वर्षों का यह कार्यकाल स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल रहा है। जिसके हम सभी साक्षी बन रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी खुद को प्रधानमंत्री नहीं, प्रधान सेवक कहते हैं। 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ दिन रात देशवासियों की सतत सेवा कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने आज रविवार को प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के बेमिसाल 12 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। श्री देव ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत, समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है। ऐसा भारत जो किसी को छेड़ता नहीं है और छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है। दुश्मनों को घर में घुसकर मारता है। ऐसे नए भारत का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के विकास के लिए अद्भुत कार्य किए हैं। सरकार ने जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले। कोरोना के कठिन समय से लेकर अभी तक 81 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इलाज के खर्च से गरीबों को राहत के लिए आयुष्मान भारत योजना में 60 करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड बने हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी 58 करोड़ से ज्यादा लोगों को एक मजबूत सुरक्षा कवच मिला है। श्री देव ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। उज्ज्वला योजना के जरिए 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से साफ पानी पहुंचाया जा चुका है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर देश में स्वच्छता की एक नई क्रांति लाई गई है। मुद्रा योजना के तहत छोटे काम-धंधों के लिए बिना गारंटी 57 करोड़ से ज्यादा लोन बांटे गए हैं, वहीं छोटे कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना से 30 लाख लोगों को फायदा पहुंचाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का बजट और ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के लिए 79 हजार करोड़ रुपये आबंटित किए गए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से ज्यादा किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में भेजे जा चुके हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए 7 करोड़ से ज्यादा किसानों को करीब 10 लाख करोड़ रुपए का सस्ता कर्ज दिया गया। इस कर्ज की सीमा को भी 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। माता-बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी योजना से 3 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को फायदा मिला है। बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.5 करोड़ से ज्यादा खाते खोले जा चुके हैं। देश की सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सुरक्षाबलों में महिला अफसरों की संख्या 3 हजार से बढ़ाकर सीधे 11 हजार कर दी गई है। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाए गए हैं। श्री देव ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की हमारी यह 12 वर्ष की यात्रा निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रही है। हमने ‘सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत’ का जो संकल्प लिया था, वह आज पूरी तरह साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का स्पष्ट कहना है कि “विकास हमारे लिए 24 घंटे, सातों दिन और 12 महीने चलने वाला मिशन है। आज हमारी कार्यसंस्कृति बदल चुकी है, अब जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं। पिछले 12 वर्षों में, हमने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर कंक्रीट, स्टील, ऑप्टिकल फाइबर और लाखों करोड़ों रुपये के निवेश के रूप में उतरते देखा है। श्री देव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश का विकास तो हुआ ही है, साथ ही हमारी सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को भी एक नया मुकाम मिला है। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन से जुड़े 5 मुख्य स्थानों को “पंचतीर्थ” के रूप में विकसित किया गया। आदिवासी समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को “जनजातीय गौरव दिवस” घोषित कर उन वीरों को सम्मान दिया गया, जिन्हें इतिहास में भुला दिया गया था। नए भारत की बुलंद सोच के प्रतीक के रूप में सरदार पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ और नए संसद भवन का निर्माण किया गया। रेसकोर्स रोड का नाम ‘लोक कल्याण मार्ग और मुगल गार्डन का नाम ‘अमृत उद्यान’ किया गया। नई संसद में पवित्र ‘सेंगोल’ को स्थापित किया गया। अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों के नाम हमारे परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखे गए और पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर ‘श्री विजयपुरम’ किया गया है। हमारे वीर शहीदों की याद में बना ‘राष्ट्रीय युद्ध स्मारक’ आज हर भारतीय को देश प्रेम की प्रेरणा दे रहा है। हमारी संस्कृति की ताकत देखिये कि आज 177 देश एक साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने ‘जनता कर्फ्यू’, ‘थाली-ताली अभियान’, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसी सार्थक पहल से देश के 140 करोड़ नागरिकों को एक सूत्र में पिरो दिया है। आज दुनिया के मंच पर भारत एक ‘समाधान देने वाले देश’ के रूप में मजबूती से खड़ा है। ‘वैक्सीन मैत्री’ के जरिए मुश्किल वक्त में 99 देशों तक दवाइयां पहुंचाकर भारत दुनिया का सबसे भरोसेमंद दोस्त बनकर उभरा है। जी-20 की कामयाब अध्यक्षता, 39 नए दूतावासों का खुलना और 70 लाख करोड़ से ज्यादा का विदेशी निवेश आना यह दिखाता है कि आज पूरी दुनिया को भारत पर पूरा भरोसा है। दुनिया के 38 देशों के साथ किए गए 9 फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स ने हमारे किसानों और उद्योगों के लिए दुनिया के बड़े बाजार खोल दिए हैं। श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को पीछे छोड़कर, भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक ‘निर्वाचित’ प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी को मिले 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान और ‘मॉर्निंग कंसल्ट’ के सर्वे में 75 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बनना, प्रत्येक भारतीय के लिए सम्मान की बात है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास के साथ विरासत का संरक्षण और विरासत के साथ विकास का संवर्धन करने का काम किया है। आज दुनिया के 22 देश भारत के साथ भारतीय मुद्रा रुपए में कारोबार कर रहे हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। 16 लाख करोड़ रुपए के बजट को 53.5 लाख करोड़ रुपए तक लाने का काम मोदी-सरकार ने किया है। श्री देव ने कहा कि आज के दौर में दुनिया के सामने भारत के इकॉनॉमी को 10वें स्थान से लाकर चौथे-छठे स्थान पर लाने का काम किया है। 2 ट्रिलियन के इकॉनॉमी को 4.25 पर लाने का काम किया है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के ऊपर लाया गया है। कांग्रेस शासन काल में गरीब मिट गए, लेकिन गरीबी नहीं मिटी थी। श्री देव ने कहा कि आज दुनिया का हर देश श्री मोदी से हाथ मिलाना चाहता है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि भारत की विदेश नीति सबसे अच्छी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए जो हितकर होता है, वही करते हैं। इस मौके पर केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय, सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, महापौर संजय पांडेय, सुधीर पांडेय, कमलचंद्र भंजदेव, योगेंद्र पांडेय, परिस बेसरा, आर्येंद्र सिंह आर्य उपस्थित थे।