केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा: ऑपरेशन लोटस पर दिया बयान, मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, साथ ही मीडिया से बातचीत में राजनीतिक सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी।

रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान जब उनसे कथित ‘ऑपरेशन लोटस’ को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ऐसा कोई ऑपरेशन नहीं चलता। उन्होंने कहा कि “जो जैसा करेगा, उसका फल वैसा ही भोगता है।” उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रायपुर में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थानीय उद्योगों की प्रगति की समीक्षा की।

अपने दौरे के तहत वे शहर के विभिन्न इलाकों सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर में जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

13 जून को उनके सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके साथ ही वे सदर बाजार और बूढ़ातालाब क्षेत्र में भी जनसंपर्क करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर बोलते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि इस अवधि में देश के सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। वहीं कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *