सुशासन तिहार के अंतिम दिवस भण्डारपुरी धाम में लगा जन समस्या निवारण शिविर, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनी आमजन की समस्याएं

0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और विकास के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने शिविर से दी शुभकामना

बलौदाबाजार। प्रदेश सरकार द्वारा 01 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के अंतिम दिवस भण्डारपुरी धाम स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में विशाल जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं, मांगें एवं आवेदन प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री, प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण, किट एवं अन्य लाभों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

साथ ही मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सभी जनमानस को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के, विकास के, जनकल्याण के ऐतिहासिक 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने एवं भारत के सबसे अधिक समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव प्राप्त होने पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री जी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब, सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के जिला/ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भण्डारपुरी धाम सतनामी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा यह परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की पावन कर्मस्थली के रूप में देशभर में विख्यात है। ऐसे पवित्र स्थल पर सुशासन तिहार के अंतिम दिवस आयोजित यह शिविर जनसेवा एवं जनकल्याण की भावना को और अधिक सशक्त करने वाला साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *