अटल आवास में पुलिस का बड़ा छापा: ड्रोन निगरानी के बीच नशे और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, मचा हड़कंप

कवर्धा। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास परिसर में व्यापक सर्च अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके।

पुलिस को लंबे समय से अटल आवास परिसर में बाहरी और संदिग्ध लोगों के अवैध रूप से रहने, नशे के कारोबार संचालित होने तथा अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एक साथ कई मकानों में दबिश दी।

सुबह शुरू हुए अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। पुलिस टीमों ने अटल आवास के विभिन्न ब्लॉकों और कमरों की तलाशी ली। कार्रवाई की जानकारी फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की आशंका के बीच कुछ युवतियां मौके से निकल गईं, जबकि कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।

तलाशी अभियान के दौरान कुछ मकानों से शराब, नशीले पदार्थ और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी बरामद सामग्री और जब्ती की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद वस्तुओं की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अटल आवास को लेकर पुलिस को काफी समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में नशे के कारोबार, अनैतिक गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकाना बनाने जैसी बातें सामने आई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम पूरे परिसर में सघन जांच कर रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *