


0 डिप्टी सीएम एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और मेयर संजय पांडेय में गजब की आत्मीयता
0 जगदलपुर को मिलेगा विकास का नया आयाम
(अर्जुन झा) जगदलपुर। नगर में दो दिनों के भीतर नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव और जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय के बीच जो ट्यूनिंग और आत्मीयता देखने को मिली है, वह इस बात की ओर इशारा कर रही है कि जगदलपुर के और अच्छे दिन आने वाले है तथा नगर के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
दरअसल उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जो नगरीय प्रशासन विभाग के भी मंत्री हैं, वे पिछले दो दिनों से जगदलपुर में हैं।वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी यहां मौजूद हैं। इन दोनों वरिष्ठ मंत्रियों ने नगर में चल रहे जनहित के विकासमूलक निर्माण कार्यों का जायजा लिया। श्री साव और श्री कश्यप ने महापौर संजय पांडेय द्वारा कराए जा रहे कार्यों और उनकी लगनशीलता को जमकर सराहा भी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वन मंत्री केदार कश्यपआज रविवार को महापौर संजय पांडे के निवास पर पहुंचे। यहां पांडेय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया। नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव और महापौर संजय पांडेय के बीच लगातार दो दिन से अच्छी ट्यूनिंग और बड़ी आत्मीयता देखने को मिली।
राजनीति में आत्मीय संबंधों का बड़ा महत्व होता है महापौर के निवास अरुण साव का जाना इस बात का सूचक है कि महापौर संजय पांडेय जिस प्रकार शहर के विकास और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रतिबद्ध होकर काम कर रहे हैं, उससे उप मुख्यमंत्री अरुण साव पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। संजय पांडेय को मोरल सपोर्ट देते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जगदलपुर को विभाग की ओर से पर्याप्त मदद करने का भरोसा दिलाया है। अब यह तय माना जा रहा है कि जगदलपुर अब महानगरों की तरह सुविधा संपन्न बनेगा, शहर के और अच्छे दिन जरूर आएंगे। इसमें मंत्री श्री साव का बहुत ज्यादा सहयोग रहेगा। जिस प्रकार से राजनीतिक तालमेल है उससे लगता है कि अब शहर के विकास हेतु कई योजनाएं शुरू होंगी। जगदलपुर के विकास के लिए महापौर संजय पांडेय को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव का हमेशा भरपूर सहयोग मिलता आया है।