0 ट्रिपल इंजन सरकार की कमीशनखोरी के विरोध में सफाई ठेकेदार हड़ताल पर शहर में गंदगी फैली
रायपुर। ट्रिपल इंजन सरकार की कमीशनखोरी के चलते शहर में गंदगी फैलने का आरोप लगाते हुये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार की कमीशनखोरी ने रायपुर को कचरापुर बना दिया। सफाई कार्य में लगे ठेकेदारों को बीते कई महीने से भुगतान नहीं हुआ है, भुगतान मांगने पर ट्रिपल इंजन सरकार में 40 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप ठेकेदारों ने लगाया है। अभी कुछ दिन पहले रामकी कम्पनी के खिलाफ कचरा ढोने वाले वाहन चालक एवं कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलना, वेतन में बढ़ोत्तरी करने सहित अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन किये थे। उस दौरान भाजपा सरकार ने आंदोलन को कुचलने दमनकारी कार्यवाही किया था। आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, उन्हें गिरफ्तार किया गया था, अब ठेकेदार आंदोलन पर है। ये ट्रिपल इंजन सरकार की कमीशनखोरी का नतीजा है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में निकाय में सब कुछ ठीक होने का दावा हवा हवाई निकला। सफाई व्यवस्था भी ठीक से करवा नहीं पा रहे है। ठेकेदारों को भुगतान नहीं दिया जा रहा है। निगम द्वारा अलग से जो वार्डाे के लिए सफाई टीम बनाई गई वो भी कागजों में है। सफाई कामगारों के नाम से भुगतान निकालकर अधिकारी मौज कर रहे है। कांग्रेस मांग करती है ठेकेदारों का भुगतान तत्काल किया जाये। कमीशन मांगने वालों पर कड़ी कार्यवाही हो। निगम द्वारा नियुक्त अतिरिक्त सफाई कर्मियों की टीम का भुगतान की जांच हो ये टीम कहां काम करती है? कब तक काम करती है? इसकी जांच हो।