जल संरक्षण के लिए व्याख्याता शशिकिरण साहू की शानदार मुहिम

०  जल प्रहरी बन गांवों में अलख जगा रहे विद्यार्थी 
रायपुर /अभनपुर। “जल है तो कल है” इस नारे के साथ बजरंग दास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभनपुर के छात्र छात्राएं व्याख्याता शशिकिरण साहू के मार्गदर्शक में जल प्रहरी बन अपने गांव में घर घर जाकर जल की महत्ता के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं।
विद्यार्थी ग्रामीणों को बता रहे हैं कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है। पृथ्वी पर जीवन का आधार जल ही है, लेकिन आज तेजी से बढ़ती जनसंख्या, जल का अत्यधिक दोहन और जल की बर्बादी के कारण पानी का संकट गहराता जा रहा है। यदि समय रहते हमने जल संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाली पीढ़ियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। आज आवश्यकता है कि हम सभी जल के महत्व को समझें और इसके संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानें। छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़े परिवर्तन ला सकती हैं। जैसे नल को खुला न छोड़ना, वर्षा जल संचयन करना, पानी का सीमित उपयोग करना तथा स्वच्छ जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाना। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन थोड़ी सी भी जागरूकता दिखाए, तो लाखों लीटर पानी बचाया जा सकता है। जल संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था का कार्य नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। विद्यालयों, घरों और समाज में जल बचाने की आदत विकसित करनी होगी। बच्चों को भी प्रारंभ से ही जल का महत्व समझाना आवश्यक है ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि जल की हर बूंद को बचाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। क्योंकि जब जल सुरक्षित रहेगा, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। जल प्रहरी के रूप में कार्य करने वाले छात्र छात्राएं हर्षिका ध्रुव, भूमिका सेन, विनोद तारक, खुमान साहू, खिलेश यादव, गरिमा ध्रुव, खुशी साहू, पूर्व छात्राएं हेमा सिन्हा एवं किरण तारक द्वारा जन जन तक ये संदेश पहुंचने का काम मार्गदर्शक शिक्षिका शशिकिरण साहू के मार्गदर्शन और आयोजक पार्षद एवं सभापति डोमेंद्र साहू के सानिध्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *