कांग्रेस नेताओं में हिम्मत है तो अन्य धर्मों के संत महात्माओं के खिलाफ बोलकर दिखाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

0 कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा फिर उजागर, अब हिंदू बर्दाश्त नहीं करेगा : डिप्टी सीएम अरुण साव

0 आर्म्स एक्ट में फंसे आरोपी को बचाने कांग्रेसी कर रहे तमाशा, अधिकारियों को धमकाना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण : डिप्टी सीएम अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का सनातन विरोधी चेहरा एक बार फिर सामने आया है। साधु-संतों और महात्माओं के खिलाफ की गई गलत टिप्पणियों को हिन्दू समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि किसी को भी संत महात्माओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है और इस प्रकार के बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

नवा रायपुर अटल नगर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए श्री साव ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो वे किसी अन्य धर्म के संत-महात्माओं के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की मानसिकता लगातार समाज को आहत करने वाली रही है।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस नेता अधिकारियों को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं, वह लोकतंत्र में अक्षम्य है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जनता ने चुनाव में सबक सिखाया है, वे अब अपनी हताशा और गुस्सा अधिकारियों पर निकाल रहे हैं। अधिकारियों को धमकाना और दबाव बनाने की कोशिश करना पूरी तरह अनुचित है।

श्री साव ने कहा कि कांग्रेस नेता आखिर किसके समर्थन में एकजुट हुए हैं। जिन पर आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं, उन्हें बचाने के लिए कांग्रेस नेताओं का एक साथ आना कांग्रेस के वास्तविक चरित्र को उजागर करता है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का हाथ किन लोगों के साथ है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है और समय आने पर जनता ऐसे व्यवहार का उचित जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *