
रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुबह कबीर नगर स्थित उनके निवास पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने रूपनारायण सिन्हा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा से उनका वर्षों पुराना व्यक्तिगत और संगठनात्मक संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए थे और अपने व्यवहार एवं कार्यशैली के कारण सभी के बीच सम्मानित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न केवल संगठन के लिए बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान हो। रूपनारायण सिन्हा के निधन के चलते भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रस्तावित पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान फिलहाल स्थगित कर दिया है। तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में आयोजित होने वाला दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अब आगामी आदेश तक टाल दिया गया है।