बिजली कटौती और मोबाइल नेटवर्क समस्या से नाराज लोगों ने किया हाईवे जाम

०  भोपालपटनम में फूट पड़ा नागरिकों का आक्रोश 
बीजापुर। जिले के भोालपटनम नगर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों ने लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर शनिवार को उग्र प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। नागरिकों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, भोपालपटनम क्षेत्र में लंबे समय से अनियमित बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क बाधित रहने से लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगरवासियों का कहना है कि कई बार समाचार पत्रों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

इसी नाराजगी के चलते पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में नगरवासी, व्यापारी, युवा, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने फॉरेस्ट नाका के पास एकत्रित होकर नेशनल हाईवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बिजली की आंख-मिचौली से लोगों को दिन और रात दोनों समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं व्यापारी वर्ग का कामकाज भी बाधित हो रहा है। गर्मी के मौसम में घंटों बिजली बंद रहने से पेयजल संकट और अन्य दैनिक समस्याएं भी बढ़ गई हैं। वहीं दूसरी ओर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा की समस्या भी क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि भोपालपटनम के आधे हिस्से में जियो नेटवर्क पूरी तरह प्रभावित रहता है। महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पटवारी कॉलोनी, हाई स्कूल तथा कई शासकीय कार्यालयों में न तो इंटरनेट सही ढंग से चलता है और न ही फोन कॉल लग पाते हैं। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बीजापुर से भोपालपटनम तक नई टावर लाइन स्थापित की जाए तथा नगर में एक अतिरिक्त मोबाइल टावर लगाया जाए, ताकि लोगों को मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या से राहत मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली और दूरसंचार समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस रास्ता रोको आंदोलन में नगर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी संघ, युवा वर्ग, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा सभी राजनीतिक दलों के नेता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *