बस्तर में सियासी घमासान: कांग्रेस ने अमित शाह से पूछे 14 सवाल, दीपक बैज के नेतृत्व में शाह के नाम सौंपा ज्ञापन

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में बस्तर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ता अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपने, उनसे मिलने जा रहे थे जिसे पुलिस ने रास्ते में रोक लिया तब कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के प्रतिनिधियों को अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि बस्तर के विकास के लिए तथा बस्तर के आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा तथा बस्तर की खनिज सम्पदा, जल, जंगल, जमीन की संभावित बंदरबांट के संदर्भ में बस्तर की जनता की कुछ आशंकाएं हैं। हम सब बस्तर की जनता की तरफ से इसी संबंध में आपसे कुछ सवाल पूछना चाहते हैं तथा बस्तर के लोगों की आशंकाओं के लिए आपसे कुछ आश्वासन चाहते हैं। उम्मीद हैं आप बस्तर के नागरिकों के इन आशंकाओं का निराकरण करेंगे तथा बस्तर की जनता के में मन में उठ रहे सवालों का जवाब देंगे।

बस्तर के लोग जानना चाहते हैं तथा डबल इंजन की सरकार से आश्वासन चाहते हैं कि-
1. नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट आपके सरकार के विनिवेशीकरण के सूची में शामिल है। यह स्टील प्लांट नहीं बिकेगा, इसकी गारंटी देंगे क्या?
2. एनएमडीसी मुख्यालय जगदलपुर बस्तर कब लायेंगे?
3. बस्तर के लगभग 2000 से भी अधिक स्कूलों को क्यों बंद किया गया?
4. बस्तर के आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन को क्यों बेचा जा रहा है?
5. बैलाडीला के डिपॉजिट 1ए, 1बी को आर्सेलर मित्तल एवं डिपॉजिट 1सी को रूंगटा स्टील एवं हाहालदी लौह अयस्क को बेचा क्यों गया?
6. सरकार गारंटी देगी क्या कि बड़े उद्योगपति बस्तर नहीं आएंगे?
7. नंदराज पहाड़ के लीज रद्द क्यों नहीं किया गया?
8. छत्तीसगढ़ के बस्तर सहित सभी नक्सल प्रभावित जिलों के सभी ग्राम पंचायतों को 1-1 करोड़ रूपये कब देंगे?
9. 4 हजार से अधिक निर्दोष आदिवासी जेल में बंद है तथा 20 हजार से अधिक आदिवासियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर स्थाई वारंट जारी है, उनके वारंट कब वापस लिए जाएंगे और केस कब खत्म किये जायेंगे?
10. बस्तर के युवाओं को नौकरी एवं रोजगार के लिए विशेष पैकेज की क्या घोषणा करेंगे?
11. बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा आदि जिलों में पिछले वर्ष हुई भारी बारिश से विभिन्न गांवों में सड़क, पुल-पुलियों का भारी नुकसान हुआ है जिसे ना अब तक मरम्मत किया गया है और ना ही नए निर्माण किए गए है, जिससे इस वर्ष की बारिश से सैकड़ों गांव प्रभावित होंगे व ग्रामीणों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो जाएगा। इस समस्या के निवारण हेतु आपने अभी तक क्या किया?
12. बस्तर संभाग के विकास के लिए केंद्र सरकार 50 हजार करोड़ का विशेष पैकेज कब देगा? जिसकी मांग बस्तर वासी लम्बे समय से कर रहे हैं।
13. बस्तर जिले में लगभग 10 करोड़ मूल्य के धान को ओडिशा में बेचते हुए पकड़ा गया एवं 3 लाख क्विंटल धान सड़ कर खराब हो गया है, इसका जिम्मेदार कौन है? दोषियों पर कार्यवाही करेंगे क्या?
14. पेट्रोलियम पदार्थ जैसे पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद्य तेल आदि की किल्लत एवं महंगाई से आज पूरा देश परेशान है, इसका जिम्मेदार कौन है?

बस्तर की जनता की ये मांगे केवल राजनीतिक विषय नहीं है, बल्कि यह इस वनांचल के अस्तित्व और भविष्य का सवाल हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी और बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधियों का यह संयुक्त प्रतिनिधिमंडल आपसे सादर अनुरोध करता है कि इन जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए बस्तर के समग्र विकास हेतु ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *