जगदलपुर। जिले के थाना नगरनार क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 12.310 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 74/2026, धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश मेघवाल (20 वर्ष), निवासी ग्राम खारीगुर्द, थाना कडवड, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था गांजा
जानकारी के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर राजस्थान की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह ग्राम धनपुंजी स्थित आरटीओ नाका (एनएच-63) के पास वाहन की प्रतीक्षा कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी सफेद बोरी से तीन पैकेट में कुल 12.310 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही 2,350 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल जप्त सामग्री की कीमत 6,17,350 रुपये आंकी गई है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई।