जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद से समाधान – संजय पाण्डेय

० सुशासन तिहार के अंतर्गत महेश्वरी भवन में समाधान शिविर आयोजित

० 9 वार्डों के लोग हुए शामिल, मौके पर हुआ त्वरित निराकरण

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत सोमवार को शहर के महेश्वरी भवन में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर निगम क्षेत्र के 9 वार्डों के बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और अपनी समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जिससे आमजन में संतोष और उत्साह देखने को मिला।
समाधान शिविर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, गुरु घासीदास वार्ड, अब्दुल कलाम वार्ड, माता संतोषी वार्ड, महेंद्र कर्मा वार्ड, अंबेडकर वार्ड, बलिराम कश्यप वार्ड, अनुकूल देव वार्ड एवं स्वामी विवेकानंद वार्ड के नागरिकों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका तत्काल समाधान किया। शिविर में राशन कार्ड, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बिजली, पानी, साफ-सफाई, आवास योजना सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया वहीं अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 1 मई से 15 जून तक पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध हो सके।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा गया। आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं श्रम कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी शिविर स्थल पर पूरी की गई, जिससे नागरिकों को त्वरित सुविधा प्राप्त हुई। प्रशासन द्वारा शिविर को जनसहभागिता और जनसुविधा का प्रभावी माध्यम बताया गया। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक साथ उपस्थित रहते हैं, जिससे नागरिकों की शिकायतों और आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी लगातार किया जा रहा। शिविर में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, त्रिवेणी रंधारी, निगम आयुक प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद उर्मिला यादव, आशा साहू, गायत्री बघेल, गिरिजा गुप्ता, खगेन्द्र सिंह ठाकुर, रोशन सिसोदिया, दिलीप दास, राकेश मौर, सुशीला बघेल, अफरोज बेगम, परीसराम बेसरा अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *