नक्सलियों के बंकर में मिला विस्फोटक और हथियारों का जखीरा

०  बरामद सामग्री में सोलर प्लेटें, जनरेटर, लेथ और ड्रिल मशीनें भी शामिल 
जगदलपुर। बस्तर संभाग से भले ही नक्सलियों का सफाया हो गया है, मगर उनके द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगें अब भी लोगों को भरी नुकसान पहुंचा रही हैं। नक्सलियों द्वारा डंप किए गए गोला, बारूद, हथियार अब भी बरामद हो रहे हैं। संभाग के बीजापुर जिले में ऐसा ही एक जखीरा पुलिस के हाथ लगा है।
बीजापुर जिले के थाना गंगालूर क्षेत्रान्तर्गत डोडीतुमनार पटेलपारा पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों के द्वारा पूर्व में छुपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, हथियार, बैटरी आदि बड़ी मात्रा में बरामद की गई है ।
थाना गंगालूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोडीतुमनार के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया एवं थाना गंगालूर की संयुक्त टीम द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान जंगल में जमीन के अंदर पूर्व में माओवादियों द्वारा छिपाकर बनाया गया एक बंकर मिला। जिसकी सुरक्षा जांच एवं डिमाईनिंग प्रक्रिया के बाद वहां से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। बंकर से होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो नग लेथ मशीन, एक नग इन्वर्टर, 4 नग बैटरी, एक नग छोटी बैटरी, 8 नग, सोलर प्लेटें, एक नग मोटर 1 नग वेल्डिंग मशीन, 1 नग, ड्रिल मशीन, 1 नग देशी बीजीएल लांचर, 29 नग, बीजीएल सेल, 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर, दो नग प्लास्टिक ड्रम बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *