० मुख्यमंत्री जी क्या यही सुशासन है? इसी का त्यौहार मना रहे है आप?
० मुख्यमंत्री जी कितने अपराधों के बाद गृहमंत्री बदलेंगे?
रायपुर। राजधानी सहित प्रदेश में बढ़ती अपराध की घटनाएं सब्र बर्दाश्त के बाहर होते जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राजधानी में कल गोली मारकर हत्या कर दी गयी, एक महिला गंभीर रूप से घायल है। दो दिन पहले चाकूबाजी से एक युवक की हत्या कर दी गयी। एक नाबालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। राजधानी में रोज आपराधिक घटनाएं बढ़ते जा रही, अपराधी बेखौफ घूम रहे है। अंबेडकर अस्पताल के पास खुलेआम गैंगवार होता हैै, छोटे अपराधी चाकू, तलवार, फरसा लहराते है, आने जाने वाले राहगीर में डर पैदा होता है। चाकूबाजी लूट तो आम हो गयी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार ने कानून व्यवस्था सुधारने के नाम पर राजधानी में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू किया लेकिन कमिश्नरी प्रणाली भी अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। राजधानी ही नहीं पूरा प्रदेश बढ़ते अपराधों के कारण परेशान है। कवर्धा में हत्या हो गयी, पद्मश्री फुलबासन बाई का अपहरण करने का प्रयास किया जाता है, सरगुजा में विवाह से लौट रही दो किशोरियों से गैंगरेप हो जाता है। मुख्यमंत्री जी क्या यही सुशासन है? इसी का त्यौहार मना रहे है आप?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले ढाई वर्षाे में छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है। लूट, हत्या, बलात्कार, चाकूबाजी की घटनाओं के कारण पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है। छत्तीसगढ़ देश का ऐसा अकेला राज्य है, जहां पर कलेक्टर, एसपी कार्यालय जला दिया गया, अपराधी को गांव वालो ने उसके घर में जिंदा जला दिया, एसडीएम को जनता मारने दौड़ा दिया उसे जान बचाकर भगाना पड़ा। राज्य की राजधानी में 2 साल में गोलीबारी की घटना हो गयी, राज्य में मासूम बच्चियां महिलाएं सुरक्षित नहीं है। हर दिन 8 बलात्कार और हर दूसरे दिन 3 सामूहिक दुराचार की घटनाएं हो रही है। राजधानी चाकूपुर बन गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कमिश्नरेट लागू कर दिया लेकिन कोई भी प्रभाव अपराधियो पर पड़ते हुये नहीं दिख रहा है। कमिश्नरी प्रणाली लागू कर के शहर में एक आईजी, एक डीआईजी, एक एसपी, तीन एडिशनल एसपी की तैनाती कर दी गयी है। लेकिन थानो में मैदानी अमले की कमी आज भी है। जिसके कारण पुलिस अपराध को नियंत्रित नहीं कर पा रही है। पुलिस कमिश्नरी अपराध रोकने में नहीं, ट्रैफिक के चालान वसूली में व्यस्त है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार को बिल्कुल भी चिंता नहीं है। गृह मंत्री एक महिने से चुनाव प्रचार में थे। मुख्यमंत्री तथाकथित सुशासन त्यौहार मनाने में व्यस्त है। अपराधी बेखौफ और बेलगाम होकर घूम रहे हे। भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षित, भयमुक्त वातावरण दे पाने में असफल साबित हो रही है।