गणित में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अलनार विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान

जगदलपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, अलनार के कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष गणित विषय में विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की है। गणित व्याख्याता राहुल कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में छात्रों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में डिस्टिंक्शन प्राप्त किया।

विद्यालय के आंकड़ों के अनुसार, गणित विषय में कुल 6 विद्यार्थियों में से 5 विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन हासिल किया, जिससे लगभग 83 प्रतिशत सफलता दर्ज की गई। अधिकतम अंक 78 रहे, जबकि कई विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

गणित विषय में प्रमुख प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में अर्जुन (75%), फुलेश्वर ठाकुर (74%), शिवा कश्यप (72%), यश कश्यप (71%) और रोशन लाल सेठिया (70%) शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने अपने मेहनत और नियमित अभ्यास के बल पर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

इस सफलता का श्रेय व्याख्याता राहुल कुमार पांडेय को दिया जा रहा है, जिन्होंने विषय को सरल और प्रभावी तरीके से पढ़ाने के साथ-साथ नियमित टेस्ट, अतिरिक्त कक्षाएं और कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देकर परिणाम सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा और विषय में रुचि भी विकसित हुई। राहुल कुमार पांडेय ने इस उपलब्धि का श्रेय शैक्षणिक वातावरण और प्रशासनिक सहयोग को भी दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और मॉनिटरिंग से छात्रों को बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिला है।

विद्यालय के प्राचार्य लैखन बघेल ने इस परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गणित जैसे कठिन विषय में इतना बेहतर प्रदर्शन विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों की मेहनत की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *