ज्वेलरी दुकान चोरी का खुलासा: महिला आरोपी गिरफ्तार, 30 सोने की नोज पिन बरामद

बस्तर। जिले में पुलिस ने संजय मार्केट स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 30 नग सोने के नोज पिन भी बरामद किए हैं।

बता दे कि यह मामला 27 अप्रैल 2026 का है, जब जगदलपुर के संजय मार्केट में एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

गिरफ्तार महिला की पहचान सुनीता उर्फ पूजा कश्यप (33 वर्ष) निवासी शांतिनगर, जगदलपुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस टीम ने उसे शांतिनगर क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।

आरोपी महिला ने बताया कि उसने चोरी किए गए सोने के नोज पिन अपने घर में पलंग के गद्दे के नीचे छुपाकर रखे थे। पुलिस ने उसके बताए अनुसार घर से 30 नग सोने के नोज पिन बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बस्तर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *