० अनियमितताओं की जांच के लिए सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर। बस्तर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की कथित अनियमितताओं की जांच और व कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर बस्तर को ज्ञापन सौंपा।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया है कि शासन के निर्देशों और नियमों की अनदेखी कर सीसीएसएच अस्पताल प्रबंधन द्वारा हर मरीज से परामर्श शुल्क के नाम पर 350 रुपये की वसूली की जा रही है। भायुष्मान भारत योजना के तहत पात्र बीपीएल एवं एपीएल कार्डधारियों को इलाज की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों को इस योजना के लाभ से वंचित रखा जा रहा है, जो कि अत्यंत खेदजनक है। जिला अस्पताल एवं शहीद बलिराम कश्यप शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत अनुभवी डॉक्टरों को अस्पताल प्रबंधन द्वारा अनुचित लाभ और अधिक वेतन का प्रलोभन देकर अपने यहां रखा जा रहा है। अस्पताल की स्थापना के समय प्रबंधन द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि वे बाहर के विशेषज्ञ चिकित्सकों को लाकर सेवा प्रदान करेंगे, किंतु स्थानीय सरकारी डॉक्टरों को तोड़ने के कारण जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में आने वाले गरीब मरीजों को विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा है कि एनएमडीसी से मिल रहे करोड़ों रुपये के अनुदान को देखते हुए यहां मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की दरों पर ही सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। एनएमडीसी स्टील द्वारा इस अस्पताल के संचालन हेतु प्रतिवर्ष 53 करोड़ रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। जब जमीन, भवन और उपकरण शासकीय हैं और संचालन हेतु बड़ी राशि एनएमडीसी दे रहा है, तो प्रबंधन द्वारा 900 रुपए ओपीडी शुल्क और भारी भरकम जांच शुल्क वसूलना पूरी तरह अनुचित है। सरकार और अस्पताल प्रबंधन के बीच हुए संचालन अनुबंध की शर्तों को पूरा कराया जाए, ताकि एनएमडीसी की फंडिंग का लाभ जनता को मिल सके। राज्यांश एवं पूर्व सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए श्री मौर्य ने कहा है कि वर्ष 2019-20 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने केंद्र की इस परियोजना में 40 प्रतिशत राशि इसी शर्त पर दी थी कि यहां बस्तर के लोगों को मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर सस्ती चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस वादे को वर्तमान में दरकिनार किया जा रहा है। श्री मौर्य ने कहा है कि इन तथ्यों की गंभीरता को देखते हुए कॉन्टीनेंटल अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी किए जाएं। शासन के नियमों का उल्लंघन करने और जनमानस को प्रताड़ित करने के कारण अस्पताल पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि मरीजों को न्याय मिल सके।इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, उप नेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, प्रशांत जैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, अल्ताफ उल्ला खान, विजेंद्र ठाकुर, नीतीश शर्मा, सलीम अली आदि मौजूद रहे।