जगदलपुर। बस्तर के बीजापुर से विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया है कि प्राथमिक शाला पालनार के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी ने ठेकेदारों, इंजीनियर और संबंधित कर्मचारियों द्वारा मानसिक प्रताड़ना एवं जबरन दबाव डाले जाने के कारण तंग आकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। स्व. राजू पुजारी अपने कार्य के प्रति निष्ठा और ईमानदारी के लिए पूरे क्षेत्र में सम्मानित थे। विधायक ने आरोप लगाया कि यह सामान्य आत्महत्या नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए ईमानदार शिक्षक की ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा की गई हत्या है।
विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि परिवारजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला भवन पालनार का निर्माण लगभग 20 लाख 30 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा था। निर्माण राशि के भुगतान को लेकर स्व. राजू पुजारी काफी मानसिक परेशानी में थे। परिवार का आरोप है कि निर्माणाधीन स्कूल भवन ठेकेदारों और इंजीनियर द्वारा बहुत ही घटिया तरीके से किया जा रहा था जिसकी शिकायत राजू पुजारी द्वारा अधिकारियों को बार बार की जा रही थी इसके बावजूद भी किसी अधिकारी ने शिक्षक की शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया और स्कूल भवन निर्माण की राशि जबरन ठेकेदार को देने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे प्रताड़ित होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। विधायक श्री मंडावी ने कहा कि राजू पुजारी के सुसाइड नोट मिले हैं। सुसाइड नोट में ठेकेदार देवाशीष मंडल, इंजीनियर शैलेश वासम और कर्मचारी छवितेश डोंगरे के नाम हैं, जबकि अन्य में मुख्य ठेकेदार जागर लक्ष्मैया का नाम दर्ज है। जागर लक्ष्मैया भाजपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के बीजापुर जिला अध्यक्ष हैं। विधायक विक्रम मंडावी ने आशंका जताते हुए कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ता को बचाने का पूरा प्रयास कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और भ्रष्टाचार करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार का पूरा संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण ईमानदार शिक्षक को अपनी जान गंवानी पड़ी है। विधायक विक्रम मंडवी ने डबल इंजन की भाजपा सरकार से सवाल किया है कि इस निर्माण कार्य का मुख्य ठेकेदार और पेटी ठेकेदार कौन था? कार्य एजेंसी कौन थी?प्रशासकीय स्वीकृति मात्र 20 लाख 30 हजार रुपये की थी और कार्य एजेंसी शाला प्रबंधन समिति थी। तो ठेकेदार को यह काम कैसे सौंपा गया? ठेकेदार को किसके इशारे पर ठेका दिया गया?डीएमसी और डीईओ की इसमें क्या भूमिका थी? इस घोटाले में और कितने लोग शामिल हैं? विधायक विक्रम मंडावी ने मांग की कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए। ताकि सभी दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके और स्वर्गीय राजू पुजारी के परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष न्यायिक जांच नहीं कराई गई और दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया, तो परिवारजनों और ग्रामीणों के साथ मिलकर न्याय मिलने तक आंदोलन किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, राजेश जैन, प्रवीण डोंगरें, ज्योति कुमार, पुरुषोत्तम खत्री, पुरुषोत्तम सल्लूर, दिनेश पुजारी, सतेंद्र पंत, राजीव सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
शिक्षक की आत्महत्या दुखद : नाग
भाजपा अटल सदन में प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष घासी राम नाग ने पालनार के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की आत्महत्या को दुखद बताया। जिलाध्यक्ष ने कहा सुसाइड नोट में जिनके भी नाम हैं, अगर वे जांच में दोषी पाए गए तो कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा नेता के नाम पर कहा कानून सबके के लिए है। इस संबंध में कलेक्टर व संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। पत्रकारों के एक सवाल पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत में सीईओ द्वारा जनप्रतिनिधियों की जनहित के बातों को अनसुना करना ठीक नहीं है। जिले में नक्सलवाद का खात्मा हुआ है जनप्रतिनिधि भी ग्रामीणों की मांग के अनुसार विकास चाहते हैं।प्रशासनिक अमला को भी चाहिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल से काम करें।