
रायपुर। राजधानी रायपुर में वन्यजीव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां वन विभाग ने जिंदा पैंगोलिन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तस्कर इस दुर्लभ जीव का 50 करोड़ रुपए में सौदा करने रायपुर पहुंचे थे। वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक कुमार तिवारी के मुताबिक, विभाग को मुखबिर से पैंगोलिन तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से तस्करों की निगरानी की गई और उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। कार्रवाई के तहत भाटागांव क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया और सौदे की बातचीत की। जैसे ही तस्कर पैंगोलिन के साथ सामने आए, टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान खोखन हालदार और गोपाल बोपचे के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी बालाघाट का निवासी है, जिसके पास से पैंगोलिन बरामद किया गया, जबकि दूसरा पखांजूर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे पखांजूर से पैंगोलिन को रायपुर लेकर आए थे और 50 करोड़ रुपए में इसकी डील करने वाले थे। वन विभाग अब इन तस्करों के जरिए पूरे नेटवर्क और मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल, पैंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और वन विभाग की निगरानी में रखा गया है।